मैनचेस्टर यूनाइटेड के दिनों को याद करते हुए पॉल पोग्बा ने बताया रवेल मॉरिसन के साथ अपनी पहली लड़ाई का किस्सा
रियो फर्डिनेंड प्रेजेंट्स को दिए एक विशेष इंटरव्यू में पॉल पोग्बा ने अपने और रवेल मॉरिसन के बीच के एक पुराने किस्से को साझा किया है। पोग्बा ने बताया कि गहरी दोस्ती से पहले, ट्रेनिंग सेशन के दौरान दोनों के बीच एक तीखी बहस हुई थी।
फ्रांसीसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पोग्बा ने खुलासा किया कि बाद में ड्रेसिंग रूम में दोनों ने हाथ मिलाया और तब से वे अच्छे दोस्त बन गए। पोग्बा ने घटना को याद करते हुए कहा, “मैनचेस्टर यूनाइटेड में मेरे शुरुआती हफ्तों के दौरान, मैंने देखा कि रवेल मॉरिसन वहां के ‘बॉस’ थे। एक दिन ट्रेनिंग के दौरान मैंने उन्हें जोर से टैकल किया और गेंद छीन ली। इसके बाद उन्होंने मुझे किक मारी।”
पोग्बा ने आगे बताया, “उस समय मुझे अंग्रेजी नहीं आती थी। मैं केवल फ्रेंच बोलता था और मैंने कहा: ‘हम ड्रेसिंग रूम में मिलेंगे।'”
उन्होंने आगे कहा, “जब मैं ड्रेसिंग रूम में पहुंचा तो मैं काफी घबराया हुआ था, जैसे कि यह मेरी पहली लड़ाई हो। लेकिन वे मेरे पास आए, हमने हाथ मिलाया और तभी से वे मेरे करीबी दोस्त बन गए।”
गौरतलब है कि रवेल मॉरिसन और पॉल पोग्बा मैनचेस्टर यूनाइटेड में साथी खिलाड़ी थे। दोनों ने 2009 से 2012 के बीच मैनचेस्टर यूनाइटेड एकेडमी और रिजर्व टीम में एक साथ खेला था।

