आर्सेनल के कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड ने खारिज की क्लब छोड़ने की अफवाहें
आर्सेनल के कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड ने गर्मियों में क्लब छोड़ने संबंधी सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका पूरा ध्यान क्लब को सफलता दिलाने पर है।
मिडफील्डर ओडेगार्ड के लिए यह सीजन चोटों से भरा रहा है, लेकिन वे हाल ही में टीम में लौट आए हैं। उम्मीद है कि वे एटलेटिको मैड्रिड के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल के पहले लेग में खेलते हुए दिखाई देंगे।
जब उनसे क्लब छोड़ने की खबरों के बारे में पूछा गया, तो ओडेगार्ड ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी स्थिति की जानकारी नहीं है।
मार्टिन ने कहा, “मुझे नहीं पता कि यह बातें कहां से आ रही हैं। मेरी मानसिकता सिर्फ यह है कि मैं हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूँ ताकि कुछ खास हासिल कर सकूं।”
उन्होंने आगे कहा, “फुटबॉल में हमेशा बातें होती रहती हैं और लोग कयास लगाते हैं, मुझे लगता है कि यह सामान्य है, लेकिन ऐसी किसी भी बात की मुझे जानकारी नहीं है।”

