बुंडेसलीगा मुकाबले से पहले बायरन म्यूनिख के कोच विंसेंट कोम्पानी ने की फ्रीबर्ग की तारीफ
बायरन म्यूनिख के मुख्य कोच विंसेंट कोम्पानी ने इस सप्ताहांत होने वाले बुंडेसलीगा मुकाबले से पहले फ्रीबर्ग टीम की जमकर सराहना की है। उन्होंने फ्रीबर्ग को यूरोपा लीग फाइनल में उनकी ऐतिहासिक जगह बनाने के बाद जर्मन फुटबॉल के लिए एक मिसाल करार दिया है।
मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कोम्पानी ने कहा, “जो कुछ भी सकारात्मक है, वह फ्रीबर्ग है। एक छोटा क्लब जो अपने खुद के संसाधनों के माध्यम से सब कुछ तैयार करता है। उनके पास एक दर्शन और एक विजन है।”
उन्होंने आगे कहा, “जूलियन [शस्टर, फ्रीबर्ग के मैनेजर] बहुत सम्मान के पात्र हैं, लेकिन वह माहौल भी सम्मान के योग्य है जो उनके साथ मिलकर निर्णय लेता है।”
कोम्पानी ने उम्मीद जताई कि 20 मई को इस्तांबुल में एस्टन विला के खिलाफ होने वाले मुकाबले में फ्रीबर्ग ट्रॉफी जीतेगा। उन्होंने कहा, “यह जर्मन फुटबॉल के लिए बहुत अच्छा है और मुझे लगता है कि यह अन्य कई क्लबों के लिए एक बेहतरीन उदाहरण है। हम उम्मीद करते हैं कि वे जर्मन फुटबॉल के लिए यह ट्रॉफी घर लेकर आएंगे।”
गौरतलब है कि फ्रीबर्ग ने पहले लेग में 2-1 की हार के बाद वापसी करते हुए घर पर स्पोर्टिंग ब्रागा को 3-1 से हराया और 4-3 के कुल एग्रीगेट स्कोर के साथ पहली बार किसी यूरोपीय फाइनल में जगह बनाई है।

