रियल मैड्रिड में आंतरिक विवाद पर मुख्य कोच अल्वारो अर्बेलोआ ने तोड़ी चुप्पी
रियल मैड्रिड के मुख्य कोच अल्वारो अर्बेलोआ ने क्लब में चल रहे आंतरिक संकट और हालिया विवादों पर अपनी बात रखी है। इन विवादों में ऑरेलियन चौमेनी और फेडेरिको वाल्वेडे के बीच हुई बहस का मुद्दा काफी चर्चा में है।
अर्बेलोआ ने कहा, “क्लब ने जिस गति और पारदर्शिता के साथ इस मामले में कदम उठाए हैं, मुझे उस पर गर्व है।”
उन्होंने आगे कहा, “खिलाड़ियों ने अपनी गलती स्वीकार की है और माफी मांग ली है, मेरे लिए इतना काफी है। मैं अपने खिलाड़ियों को सार्वजनिक रूप से कटघरे में खड़ा नहीं करूंगा। उन्होंने जो किया है, उसके लिए वे ऐसा व्यवहार डिजर्व नहीं करते। पिछले कुछ महीनों में उन्होंने मुझे दिखाया है कि रियल मैड्रिड का खिलाड़ी होने का क्या अर्थ होता है। उनकी प्रतिबद्धता और जर्सी के लिए उनका प्रेम मुझे याद रहेगा।”
कोच ने आगे बताया, “मैं आपको एक उदाहरण देता हूं। जुआनिटो मेरे लिए रियल मैड्रिड के खिलाड़ी का बेहतरीन उदाहरण हैं। उन्होंने कभी कोई गलती नहीं की और हम मैड्रिडिस्टा उन पर गर्व करते हैं। हम हर मैच में उनके लिए गाना गाते थे। उनके पास जबरदस्त प्रतिभा थी और उन्होंने इस प्रतीक (बैज) के लिए अपना सब कुछ दिया। अगर हम उन्हें प्यार करते हैं, तो इसलिए क्योंकि वह हम में से एक थे और किसी भी अन्य व्यक्ति की तरह, उनसे भी गलतियां हो सकती थीं।”
अर्बेलोआ ने अंत में कहा, “खिलाड़ी डिजर्व करते हैं कि हम इस अध्याय को बंद करें और उन्हें रियल मैड्रिड के लिए संघर्ष जारी रखने का मौका दें। मुझे उन पर गर्व है। उनके बारे में कई झूठ फैलाए जा रहे हैं। यह कहना झूठ है कि वे पेशेवर नहीं हैं या उन्होंने कभी मेरा अनादर किया है। साथ ही यह दावा भी गलत है कि कोई खिलाड़ी मेरे साथ समस्याओं के कारण नहीं खेल रहा है। मैं ऐसी बातों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करूंगा।”

