एफए कप फाइनल में मैनचेस्टर सिटी से हार के बाद रीस जेम्स ने दी प्रतिक्रिया
एफए कप फाइनल में मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ 1-0 की हार के बाद चेल्सी के कप्तान रीस जेम्स ने टीम के प्रदर्शन पर अपनी बात रखी है।
रीस जेम्स ने कहा, “हम केवल फिनिशिंग टच से चूक गए। मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। किसी भी फाइनल में हर कोई जीतना चाहता है, चाहे वह स्थानीय ट्रॉफी हो या एफए कप। मैं टीम की भूख या जीतने की इच्छा पर सवाल नहीं उठा सकता। हम सभी जीतना चाहते थे, लेकिन हम थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे।”
उन्होंने आगे कहा, “हमें अब आराम करने, रिकवर होने और ट्रेनिंग पिच पर वापस लौटने की जरूरत है, ताकि हम टोटेनहम के खिलाफ अपने अगले मुकाबले की तैयारी कर सकें। हमने इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। खराब नतीजों के लिए मैं प्रशंसकों से माफी मांगना चाहता हूं। यह समय आसान नहीं रहा है। उम्मीद है कि हम जल्द ही चीजों को बेहतर बनाएंगे।”
बता दें कि चेल्सी की टीम फिलहाल प्रीमियर लीग तालिका में 9वें स्थान पर है। टीम 19 मई को प्रीमियर लीग के 37वें दौर के मुकाबले में टोटेनहम की मेजबानी करेगी।

