विश्व कप में ‘फेवरेट’ न होना ब्राजील के लिए हो सकता है फायदेमंद: कासेमीरो
ब्राजील के मिडफील्डर कासेमीरो का मानना है कि आगामी विश्व कप (World Cup) के लिए मुख्य दावेदारों में शामिल न होना उनकी टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
कासेमीरो ने कहा, “हम मुख्य दावेदार नहीं हैं। निश्चित रूप से, हम अच्छी स्थिति में हैं। हमारे पास अनुभव और युवा प्रतिभा का मिश्रण वाली एक मजबूत टीम है। शायद इस बार हम एक कदम पीछे हैं, लेकिन हम तैयार हैं और यह हमेशा एक अच्छी बात होती है। हम टूर्नामेंट में अच्छी स्थिति के साथ उतरना चाहते हैं और एक शानदार विश्व कप खेलना चाहते हैं।”
टीम की तैयारियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा: “यह कोच के बदलाव, अध्यक्ष के बदलाव और काफी उतार-चढ़ाव वाला एक कठिन दौर रहा है। हमने मैनेजर के साथ केवल एक साल काम किया है, और वास्तव में, हमने एक साथ केवल 40 दिन बिताए हैं। हालांकि, मुझे विश्वास है कि हम टूर्नामेंट में अच्छी फॉर्म के साथ प्रवेश कर रहे हैं।”
छठा विश्व खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतर रही ब्राजील की टीम सट्टेबाजी के भाव में स्पेन, फ्रांस और इंग्लैंड से पीछे है। यह टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक उत्तरी अमेरिका में आयोजित किया जाएगा।
ब्राजील की टीम ग्रुप सी में अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी, जहां उनका सामना मोरक्को, हैती और स्कॉटलैंड से होगा।

