close
शनिवार, जून 20
Advertisement

2026 वर्ल्ड कप में अनिश्चितता और आखिरी पलों के रोमांच का बोलबाला: थिबाउट कोर्टुआ

गोलकीपर थिबाउट कोर्टुआ ने चेतावनी दी है कि 2026 वर्ल्ड कप पहले से ही अनिश्चितता और अंतिम क्षणों के रोमांच से भरा हुआ है। बेल्जियम की टीम अब ईरान के खिलाफ मुकाबले की तैयारी कर रही है।

एशियाई टीम ईरान के खिलाफ होने वाले ‘मस्ट-विन’ (जीतना जरूरी) मैच से पहले रेड डेविल्स के कैंप में बात करते हुए कोर्टुआ ने कहा, “जो बात मुझे सबसे ज्यादा हैरान कर रही है, वह आखिरी पांच या दस मिनट में गोलों की संख्या है। अब कोई भी मैच आसान नहीं है। कुछ एकतरफा परिणामों को छोड़ दें, तो मैच काफी करीबी हो रहे हैं और इनका फैसला छोटी-छोटी बारीकियों से हो रहा है।”

कोर्टुआ ने ईरान के खिलाफ होने वाले आगामी मुकाबले से पहले बेल्जियम की अपनी पहचान बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया।

Advertisement

उन्होंने कहा, “हमें शुरुआत से ही अपनी फुटबॉल शैली में खेलना होगा और पासिंग में सटीकता रखनी होगी।”

ईरान की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कोर्टुआ ने सतर्क रहने की सलाह दी, भले ही उनके विरोधी बाहरी समस्याओं से जूझ रहे हों।

कोर्टुआ ने कहा, “इतने सारे प्रतिबंध होना और कोचिंग स्टाफ के कुछ सदस्यों का यात्रा न कर पाना सुखद नहीं है। उनके लिए यह निश्चित रूप से आदर्श तैयारी नहीं है, हालांकि शायद इससे उन्हें बेहतर करने की अधिक प्रेरणा मिले। हमें उन्हें हल्के में बिल्कुल नहीं लेना चाहिए। वे एक मजबूत और संगठित टीम हैं, जिनमें काफी गुणवत्ता है।”

उन्होंने आगे कहा, “ईरान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छा खेला था। वे काफी शॉट लेते हैं, गोल कर सकते हैं और क्रॉस के जरिए खतरनाक साबित होते हैं, इसलिए मैं हर स्थिति के लिए तैयार रहूंगा। हमने गोलकीपिंग कोचों के साथ मिलकर सभी खिलाड़ियों का विश्लेषण किया है और उनकी खूबियों को देखा है। मैं खुद को पूरी तरह तैयार कर रहा हूं।”

कोर्टुआ ने यह भी माना कि पिछले टूर्नामेंटों की तुलना में संयुक्त राज्य अमेरिका में पिच की स्थिति बेहतर हुई है।

मिस्र के खिलाफ बेल्जियम के पिछले ड्रॉ पर उन्होंने कहा, “पहले हाफ में हमने कई गलत पास दिए और लय की कमी दिखी। दूसरे हाफ में हमने बेहतर प्रदर्शन किया और हम वह बेल्जियम देख पाए जिसकी हमें टीम के रूप में उम्मीद थी।”

उन्होंने बड़े टूर्नामेंटों के दौरान मीडिया के दबाव पर भी अपनी बात रखी।

कोर्टुआ ने कहा, “आप अपना काम करते हैं, जो सम्मानजनक है। लेकिन कतर में यह सुखद नहीं था। जितना अधिक शोर और बेचैनी होती है, उसका असर अंततः टीम पर पड़ता है। हमें बखूबी पता है कि हमने क्या गलत किया है और हम क्या सुधार कर सकते हैं, लेकिन यदि प्रेस की तरफ से बहुत ज्यादा आलोचना न हो, तो टूर्नामेंट की तैयारी बेहतर तरीके से हो पाती है।”


Share.

Latest ISL, MLS, Saudi, Indian, Premier, Champions League, Laliga, football live News, Transfers, Lineups, Schedules, And Complete Match Results.