स्वीडन के खिलाफ मैच से पहले नीदरलैंड की बढ़ी चिंताएं, फ्रेंकी डी जोंग की फिटनेस पर संशय
नीदरलैंड के मुख्य कोच रोनाल्ड कोमैन ने बताया है कि चोट की चिंताओं के कारण स्टार मिडफील्डर फ्रेंकी डी जोंग का शनिवार को स्वीडन के खिलाफ होने वाले विश्व कप ग्रुप मैच में खेलना संदिग्ध है।
वहीं, क्विंटन टिम्बर भी कनकशन (सिर में चोट) के कारण इस मैच से बाहर हो गए हैं।
कोमैन ने कहा, “एक टक्कर के कारण क्विंटन को हल्का कनकशन हुआ था, इसलिए वह यह मैच नहीं खेलेंगे। इस मैच के बाद वह शायद खेलने के लिए तैयार हो सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “फ्रेंकी को भी अपनी शारीरिक स्थिति को लेकर थोड़ी परेशानी है। उन्होंने अन्य खिलाड़ियों के साथ अभ्यास तो किया, लेकिन देखते हैं कि कल उनकी स्थिति कैसी रहती है। अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है, यह एक सवालिया निशान है। मुझे यकीन नहीं है, मुझे नहीं पता। उनकी चोट पेट के निचले हिस्से में है।”
डच टीम ने अपने शुरुआती मैच में जापान के साथ ड्रॉ खेला था और अब वे स्वीडन के खिलाफ तीन अंक हासिल करने के लिए बेताब होंगे, जिसने अपने पहले मैच में ट्यूनीशिया को 5-1 से करारी शिकस्त दी थी।

