साल 2018 में एसी मिलान का हिस्सा बनने वाले थे क्रिस्टियानो रोनाल्डो, डील टूटने की सामने आई वजह
एसी मिलान के पूर्व स्पोर्टिंग डायरेक्टर मैसिमिलियानो मिराबेली ने एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि साल 2018 में इटालियन क्लब एसी मिलान, रियल मैड्रिड के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को साइन करने के बेहद करीब था। हालांकि, क्लब के चीनी मालिकों द्वारा अंतिम समय में पीछे हट जाने के कारण यह सौदा पूरा नहीं हो सका।
पूर्व स्पोर्टिंग डायरेक्टर ने कहा, “हमने इस प्रस्ताव और विचार को तैयार किया था, और क्रिस्टियानो को यह काफी दिलचस्प लगा।”
मिराबेली ने बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, “जब मैंने, फासोन और गैटुसो ने उनसे बात की, तो रोनाल्डो ने कहा था: ‘मैं मिलान आऊंगा। मैंने कभी यूरोपा लीग नहीं खेली है और मैं इसे जीतने के लिए आ रहा हूं।'”
उन्होंने आगे बताया, “उनके पास एक महत्वपूर्ण प्रेरणा थी; उन्होंने इस तथ्य को छोटा नहीं माना कि वे चैंपियंस लीग खेलने नहीं आ रहे थे। वे यूरोपा लीग जीतना चाहते थे। वे बेहद प्रेरित थे।”
मिराबेली ने स्पष्ट किया, “हमने रियल मैड्रिड और खिलाड़ी के एजेंट जॉर्ज मेंडेस के साथ सभी समझौते कर लिए थे। सब कुछ ठीक था, लेकिन फिर सौदा आगे नहीं बढ़ सका। चीनी मालिकों ने अपने कदम पीछे खींच लिए।”
गौरतलब है कि अंततः पुर्तगाली दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो 100 मिलियन यूरो की रिकॉर्ड डील के साथ जुवेंटस में शामिल हुए और 2021 तक इस इटालियन क्लब के साथ जुड़े रहे।

