थिएरी हेनरी ने की पीएसजी मैनेजर लुइस एनरिक की तारीफ, टीम के प्रदर्शन को बताया शानदार
आर्सेनल के पूर्व स्ट्राइकर थिएरी हेनरी ने पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के मैनेजर लुइस एनरिक की रणनीतिक सोच और टीम प्रबंधन के तरीके की सराहना की है।
फ्रांसीसी टीम ने शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में आर्सेनल को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 (निर्धारित समय तक स्कोर 1-1) से हराकर लगातार दूसरी बार यूईएफए चैंपियंस लीग की ट्रॉफी अपने नाम की।
मैच के बाद लुइस एनरिक के साथ बातचीत के दौरान हेनरी ने कहा, “एम्बाप्पे के जाने के बाद आपने कहा था कि आपकी टीम और बेहतर बनेगी, एक टीम के रूप में विकास करेगी और साथ मिलकर जीत हासिल करेगी। आपने न केवल यह कहा, बल्कि उसे करके दिखाया और बार-बार साबित किया। मैंने पहले भी कहा है कि लोग कभी-कभी अहंकार और आत्मविश्वास के बीच भ्रमित हो जाते हैं।”
हेनरी ने आगे कहा, “आप बखूबी जानते हैं कि आपकी टीम में क्या हो रहा है और इसे किस दिशा में आगे ले जाना है। मैं यह जरूर कहूंगा कि आप फ्रेंच फुटबॉल के लिए जो कर रहे हैं, वह उल्लेखनीय है। 90 के दशक के बाद से शायद ही हमने यूरोप में किसी टीम को इतने आत्मविश्वास के साथ खेलते देखा है।”

