2026 FIFA World Cup: जर्मनी को हराने के बाद भावुक हुए जूलियो एनसिसो, दादा को किया याद
2026 फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पराग्वे ने जर्मनी को 1-1 (पेनल्टी शूटआउट में 4-3) से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पराग्वे के मिडफील्डर जूलियो एनसिसो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और मैदान पर ही फूट-फूटकर रो पड़े।
मैच में अपनी टीम के लिए गोल करने वाले एनसिसो ने जीत के बाद कहा, “अभी मैं सिर्फ उस समय के बारे में सोच रहा हूँ जब मैं सोफे पर अपने दादाजी के बगल में बैठा करता था… यह मेरे जीवन का सबसे बेहतरीन दिन है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं सिर्फ अपने दादाजी के बारे में सोच रहा हूँ। आज हमने जर्मनी के खिलाफ जो जीत हासिल की, वह ईश्वर और मेरे दादाजी की ओर से एक उपहार है।”
एनसिसो ने कहा, “मैं यह जीत अपने दादाजी को समर्पित करता हूँ। उन्हें मुझ पर गर्व होता… मैं उन्हें आसमान तक एक चुंबन भेजता हूँ।”
बता दें कि पराग्वे वर्ल्ड कप के इतिहास में पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को हराने वाली पहली टीम बन गई है। अब अगले राउंड (राउंड ऑफ 16) में पराग्वे का मुकाबला फ्रांस और स्वीडन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

