मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़ेंगे कैसिमिरो, सीजन के अंत में समाप्त होगा अनुबंध
मैनचेस्टर यूनाइटेड के मिडफील्डर कैसिमिरो ने एक बार फिर दोहराया है कि वह सीजन के अंत में क्लब छोड़ देंगे। उनका वर्तमान अनुबंध समाप्त होने वाला है, और उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे ओल्ड ट्रैफर्ड में अपने कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाएंगे।
ब्राजील के खिलाड़ी ने पुष्टि की है कि वे इस गर्मी में मैनचेस्टर यूनाइटेड से विदाई ले रहे हैं। अनुबंध विस्तार की किसी भी संभावना को खारिज करते हुए कैसिमिरो ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि कोई मौका है, कोई चांस नहीं है। मुख्य रूप से इसलिए क्योंकि मैंने जो कहा है, आप जानते हैं। मैं बड़े दरवाजे से बाहर निकलना चाहता हूं। मुझे लगता है कि ये चार सुंदर और अद्भुत साल रहे हैं और मैं न केवल क्लब, बल्कि प्रशंसकों का भी हमेशा आभारी रहूंगा।”
अपनी विदाई पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि मुझे अच्छे संबंधों के साथ यहां से जाना चाहिए, मुझे शीर्ष स्तर पर रहते हुए विदा लेनी है। मैं यहां इंग्लैंड में हमेशा मैनचेस्टर यूनाइटेड का प्रशंसक बना रहूंगा और मुझे केवल प्रशंसकों के प्यार के लिए उन्हें धन्यवाद देना है।”

