मैनुअल लोकेटली ने जुवेंटस के साथ 2030 तक बढ़ाया अपना करार
जुवेंटस के कप्तान मैनुअल लोकेटली ने क्लब के साथ अपने अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) को 2030 तक बढ़ा दिया है। इस पर क्लब के सीईओ डेमियन कोमोली ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अपना बयान जारी किया है।
कोमोली ने कहा, “हम सभी को 2021 में जुवेंटस में शामिल होते समय मैनुअल का वह भावुक बयान याद है, जिसमें उन्होंने क्लब के प्रति अपने जुनून को व्यक्त किया था। इसलिए, उनके अनुबंध का नवीनीकरण मैदान पर उनके बढ़ते नेतृत्व और अटूट भावना का स्वाभाविक विस्तार है। यह हमारे क्लब के मूल्यों और महत्वाकांक्षाओं के साथ पूरी तरह मेल खाता है।” उन्होंने आगे कहा कि यह कदम हमारी खेल परियोजना की निरंतरता को मजबूत करने की दिशा में एक और प्रयास है, ताकि टीम को भविष्य में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके।
यह निर्णय दोनों पक्षों की आपसी सहमति से लिया गया है। वहीं, केनन यिल्दिज़ के अनुबंध विस्तार के बाद लुसियानो स्पैलेटी द्वारा किए गए एक अन्य अनुरोध को भी क्लब ने स्वीकार कर लिया है।

