टीम की एकजुटता ही पीएसजी की सफलता की कुंजी: खविचा क्वारात्शेलिया
पीएसजी की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा किए गए अपने नवीनतम साक्षात्कार में, शानदार फॉर्म में चल रहे विंगर खविचा क्वारात्शेलिया ने टीम की एकजुटता को पीएसजी (PSG) के एक और यूरोपीय खिताब जीतने की दिशा में आगे बढ़ने का मुख्य कारण बताया है।
खविचा क्वारात्शेलिया ने कहा, “मुझे लगता है कि यह टीम की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। हम साथ खेलने में खुश हैं और काफी एकजुट हैं। हम जानते हैं कि अगर हम एक-दूसरे के लिए लड़ें और अपने तरीके का फुटबॉल खेलें, तो हम किसी को भी हरा सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जब आप पीएसजी के लिए खेलते हैं, तो आपके अंदर महत्वाकांक्षा होनी चाहिए क्योंकि कई खिलाड़ी आपकी जगह लेने के लिए तैयार रहते हैं। आपको हर मैच में यह साबित करना होगा कि आप अपने दिल पर लगे इस बैज को पहनने के हकदार हैं।”
जॉर्जियाई विंगर ने कहा, “मैं हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं, और मैं इस टीम के साथ अधिक से अधिक ट्रॉफियां और मैच जीतना चाहता हूं।”
बता दें कि खविचा क्वारात्शेलिया इस सीजन में चैंपियंस लीग (Champions League) के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक रहे हैं।

