फीफा वर्ल्ड कप: किसी भी टीम को कमजोर आंकना बड़ी भूल, अल्जीरिया मैच से पहले बोले लियोनेल स्कालोनी
अर्जेंटीना के मैनेजर लियोनेल स्कालोनी ने 2026 वर्ल्ड कप में अल्जीरिया के खिलाफ अपने टीम के पहले मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी बात कही है। स्कालोनी ने जोर देकर कहा कि टूर्नामेंट में किसी भी प्रतिद्वंद्वी की प्रतिष्ठा को देखे बिना उन्हें कम आंकना गलत होगा, क्योंकि हर टीम के खिलाफ खेलना बेहद चुनौतीपूर्ण है।
स्कालोनी ने अपनी बात रखते हुए कहा, “याद कीजिए जब हम जाम्बिया और मॉरिटानिया के खिलाफ खेले थे? तब मैंने कहा था कि वे कठिन टीमें हैं, और आप लोग हंसे थे। आप लोग इस तरह हंस रहे थे जैसे कह रहे हों कि ‘यह तो बस किताबी जवाब दे रहे हैं’।”
अपनी बात को पुख्ता करने के लिए कोच ने वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में स्पेन के हालिया परिणाम का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “आज ही स्पेन का मुकाबला केप वर्डे के साथ ड्रॉ पर खत्म हुआ। जबकि स्पेन निश्चित रूप से जीतने का हकदार था। मेरा मतलब यह है कि राष्ट्रीय टीमें किसी कारण से ही यहां पहुंची हैं। कई टीमों के पास नेचुरलाइज्ड खिलाड़ी हैं, जिससे खेल का कुल स्तर काफी ऊपर उठा है।”
अंत में, उन्होंने टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों को लेकर चेतावनी दी: “कोई भी प्रतिद्वंद्वी आसान नहीं होता है, और पहला मैच हमेशा और भी कठिन होता है।”

