मैनचेस्टर सिटी से पेप गार्डियोला के विदाई की तैयारी शुरू
मैनचेस्टर सिटी अपने मैनेजर पेप गार्डियोला की संभावित विदाई की तैयारियों में जुटी है। एस्टन विला के खिलाफ मौजूदा प्रीमियर लीग सीजन का अपना आखिरी मैच खेलने के बाद गार्डियोला क्लब छोड़ सकते हैं।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, एतिहाद स्टेडियम में पर्दे के पीछे गार्डियोला के जाने की प्रक्रिया पर काम शुरू हो चुका है। क्लब के कर्मचारी और खिलाड़ी भी यह मानकर चल रहे हैं कि स्पेनिश कोच जल्द ही अपना पद छोड़ देंगे।
हालांकि क्लब ने अभी तक इस स्थिति पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन खबरें हैं कि गार्डियोला के ऐतिहासिक कार्यकाल को सम्मान देने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं।
मैनचेस्टर में अपने समय के दौरान 55 वर्षीय गार्डियोला ने सिटी को यूरोप के सबसे प्रभावशाली क्लबों में से एक बना दिया है। उनके नेतृत्व में टीम ने छह प्रीमियर लीग खिताब और चैंपियंस लीग समेत कई बड़े खिताब अपने नाम किए हैं।

