रीस जेम्स ने एस्तेवाओ को बताया ‘वन्स-इन-ए-जेनरेशन’ टैलेंट
चेल्सी के कप्तान रीस जेम्स ने युवा फॉरवर्ड एस्तेवाओ की जमकर तारीफ की है। जेम्स ने उन्हें ‘वन्स-इन-ए-जेनरेशन’ (एक पीढ़ी में एक बार आने वाला) टैलेंट बताया है। उन्होंने स्टैमफोर्ड ब्रिज पर एस्तेवाओ के शानदार डेब्यू सीजन के बाद उनकी परिपक्वता, निर्णय लेने की क्षमता और तेजी से हो रहे विकास की सराहना की है।
एस्तेवाओ ने 2024 में हुए एक समझौते के तहत पाल्मेरास से चेल्सी में कदम रखा था, जो करीब 51.4 मिलियन पाउंड का सौदा था। इंग्लैंड में अपने पहले ही सीजन में उन्होंने जबरदस्त प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं में कुल 36 मैच खेले हैं, जिसमें आठ गोल किए और चार असिस्ट भी दिए हैं।
पिछले महीने मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ हार के दौरान एस्तेवाओ को ग्रेड चार की हैमस्ट्रिंग चोट लग गई थी, जिसके कारण उनका सीजन समय से पहले समाप्त हो गया। हालांकि, जेम्स का मानना है कि इस ब्राजीलियाई खिलाड़ी का खेल बाकी खिलाड़ियों से बिल्कुल अलग है।
जेम्स ने कहा, “बहुत कम खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिन्हें आप देखते हैं और लगता है कि वे एक पीढ़ी में एक बार आते हैं, लेकिन जब आप ऐसे खिलाड़ी को देखते हैं, तो आप समझ जाते हैं। मेरा मानना है कि वह उनमें से एक हैं। मुझे लगता है कि अपनी उम्र के हिसाब से वह मैदान पर उम्मीद से कहीं अधिक परिपक्व हैं। उनके सोचने का तरीका और निर्णय लेने की क्षमता उच्च स्तर की है।”
चोट के कारण एस्तेवाओ अब सीजन के बचे हुए मैचों और आगामी विश्व कप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हालांकि, चेल्सी को उम्मीद है कि वह प्री-सीजन और ऑस्ट्रेलिया व एशिया के ग्रीष्मकालीन दौरे तक फिट होकर वापसी कर लेंगे।
इस 19 वर्षीय खिलाड़ी से उम्मीद है कि वह नए मैनेजर जाबी अलोंसो के मार्गदर्शन में अपने खेल को और निखारेंगे। चोट की बाधा के बावजूद क्लब को उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।

