लियोनेल मेसी के शानदार फॉर्म पर लुईस सुआरेज ने तोड़ी चुप्पी
इंटर मियामी के स्ट्राइकर लुईस सुआरेज को वर्ल्ड कप में अपने साथी खिलाड़ी लियोनेल मेसी के जबरदस्त प्रदर्शन से कोई हैरानी नहीं हुई है।
उरुग्वे के खिलाड़ी सुआरेज ने कहा, “मैं काफी समय से उनके साथ ट्रेनिंग कर रहा हूं और मैं जानता हूं कि उन्होंने इस वर्ल्ड कप के लिए कितनी अच्छी तैयारी की है। कई लोगों ने यह कयास लगाए थे कि वह उम्रदराज हो रहे हैं। लेकिन लियो के अंदर अब भी सर्वश्रेष्ठ बने रहने और प्रतिस्पर्धा करने की वही भूख है। हाल ही में उन्होंने अपनी मानसिक मजबूती का एक और नमूना पेश किया। उन्होंने चार-पांच मिनट के बाद एक पेनल्टी मिस कर दी थी, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने लगातार प्रयास जारी रखा। सोचिए अगर वह निराश हो जाते और पूरी अर्जेंटीना टीम बिखर जाती, तो यह टीम की कमजोरी दिखाता। लेकिन उन्होंने दिखाया कि वह खुद को संभाल सकते हैं और आगे बढ़ सकते हैं, जिसका नतीजा दो गोल के रूप में सामने आया।”
सुआरेज ने आगे कहा, “यह टीम के रवैये, उनके खेलने के तरीके और एक-दूसरे को समझने के बारे में भी है। लियो को पूरे मैच में दौड़ने की जरूरत नहीं है। फुटबॉल काफी हद तक दौड़ने और इस आंकड़ों पर आधारित है कि कौन सबसे ज्यादा किलोमीटर कवर करता है, लेकिन कभी-कभी दिमाग उस खिलाड़ी से हजार गुना तेज चलता है जो सबसे ज्यादा दौड़ रहा होता है।”
वर्ल्ड कप के लिए मेसी की तैयारी पर सुआरेज ने कहा: “सबसे पहले, वह बहुत बुद्धिमान हैं। उन्हें पता है कि कब आक्रमण करना है और कब संयम बरतना है। उनकी सबसे बड़ी खूबी बेहतर बनने की उनकी निरंतर इच्छा है। उन्होंने खुद से यह नहीं कहा था कि ‘मुझे टॉप स्कोरर बनना है।’ नहीं, ऐसा बस हो गया और अवसर सामने आया।”
“लियो के पास खेलने और प्रतिस्पर्धा करने की इच्छाशक्ति बनी हुई है। बहुत से लोग हमसे पूछते हैं कि हम ट्रेनिंग के दौरान अब भी गुस्सा क्यों होते हैं? क्योंकि हम ऐसे ही हैं, और बचपन से हमने इसी तरह प्रतिस्पर्धा की है। और यह तब तक जारी रहेगा जब तक हम रिटायर नहीं हो जाते।”
“हमारे लिए मियामी आना आसान है; उनके लिए, हम सभी के लिए, यह कहना आसान है: ‘मैं यहीं रह रहा हूं, मैं समुद्र तट पर जाऊंगा, मैं ट्रेनिंग नहीं कर रहा हूं, मैं कुछ नहीं कर रहा हूं, मैं बस खेल रहा हूं।’ और यह साफ दिखता है। जो अब वास्तव में दिख रहा है, वह है उनकी और उन सभी खिलाड़ियों की व्यावसायिकता (प्रोफेशनलिज्म) जो संयुक्त राज्य अमेरिका में खेलते हैं और आज वर्ल्ड कप में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।”

