अल-नासर ने जीता 2026 सऊदी प्रो लीग का खिताब
रियाद: अल-नस्र ने सऊदी प्रो लीग का खिताब अपने नाम कर लिया है। सीजन के निर्णायक मुकाबले में अल-नस्र ने दमार्क क्लब को 4-1 से शिकस्त देकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा किया। टीम की इस ऐतिहासिक जीत में स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए दो शानदार गोल दागे। अल-नस्र ने पिछले 7 सालों में पहली बार सऊदी प्रो लीग की ट्रॉफी जीती है।
रियाद के अल-अव्वल पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शुरुआत से ही अल-नस्र का दबदबा देखने को मिला। मैच के पहले हाफ में सादियो माने ने शानदार हेडर के जरिए गोल करके अल-नस्र का खाता खोला। जोआओ फेलिक्स के बेहतरीन कॉर्नर किक को भांपते हुए माने ने गेंद को सीधे नेट में डाल दिया और टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई।
मैच के दूसरे हाफ में किंग्सले कोमान ने अल-नस्र के लिए दूसरा गोल दागा। उन्होंने राइट विंग से दमार्क के डिफेंडरों को छकाते हुए बॉक्स के अंदर जगह बनाई और ऐसा सटीक शॉट लगाया कि दमार्क के गोलकीपर के पास उसे रोकने का कोई मौका नहीं था। हालांकि, मैच के 50वें मिनट में अल-नस्र के सिमाकान का हाथ गेंद से छू जाने के कारण वीएआर (VAR) रिव्यू के बाद दमार्क को पेनल्टी मिल गई। इस मौके का फायदा उठाते हुए सिल्ला ने पेनल्टी किक को गोल में बदलकर दमार्क का स्कोर 1-2 कर दिया।
इसके बाद 56वें मिनट में अल-नस्र को एक फ्री-किक मिली, जिसे क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बेहद खूबसूरती से गोल पोस्ट में डाल दिया। इस गोल के साथ अल-नस्र की बढ़त 3-1 हो गई। मैच के 74वें मिनट में कोमान से मिले पास को रोनाल्डो ने बिना कोई गलती किए गोल में तब्दील कर दिया। यह मुकाबला पूरी तरह अल-नस्र के पक्ष में जाने के बाद आखिरी मिनटों में रोनाल्डो को मैदान से आराम दिया गया।
लीग टेबल में दूसरे स्थान पर चल रही अल-हिलाल टीम से अल-नस्र केवल दो अंक आगे थी, इसलिए खिताब पक्का करने के लिए उन्हें हर हाल में यह मैच जीतना जरूरी था। साल 2021 में जुवेंटस के साथ कोपा इटालिया जीतने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह पहला बड़ा क्लब खिताब है। पिछले हफ्ते एएफसी चैंपियंस लीग टू के फाइनल में गाम्बा ओसाका से मिली हार के बाद अल-नस्र के लिए यह खिताबी जीत एक बड़ी राहत लेकर आई है। दूसरी ओर, इस करारी हार के बाद दमार्क क्लब पर रेलीगेशन (लीग से बाहर होने) का खतरा मंडरा रहा है।

